Bokaro: बोकारो प्रेस क्लब (Bokaro Press Club / BPC) में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। क्लब की सभी मौजूदा कमेटियों को भंग कर दिया गया है और नए सिरे से संगठन के गठन की जिम्मेदारी सात सदस्यीय कोर कमेटी को सौंपी गई है। यह कमेटी सदस्यता अभियान चलाने से लेकर चुनाव कराने तक की पूरी प्रक्रिया संभालेगी। एक महीने के भीतर नई कार्यकारिणी गठित करने का लक्ष्य रखा गया है।
रविवार को बोकारो परिसदन में आयोजित प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता रांची प्रेस क्लब (Ranchi Press Club) के पूर्व महासचिव अमरकांत ने की। इसमें जिले के कई वरिष्ठ पत्रकारों के साथ क्लब के पांच में से चार ट्रस्टी भी शामिल हुए।
बैठक में क्लब की मौजूदा कार्यप्रणाली, संगठनात्मक व्यवस्था और भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद सभी मौजूदा कमेटियों को भंग कर संगठन का नए सिरे से पुनर्गठन करने पर सहमति बनी।
सात सदस्यीय कोर कमेटी गठित
पुनर्गठन की जिम्मेदारी जिन सात वरिष्ठ पत्रकारों को सौंपी गई है, उनमें रामप्रवेश सिंह, विजय कुमार झा, सुनील तिवारी (प्रभात खबर), राजेश सिंह देव (दैनिक भास्कर), राहुल शर्मा (द पायनियर), सुरेंद्र कुमार (न्यूज 11) और संजीव कुमार (काशिश न्यूज) शामिल हैं।
बैठक में विजय कुमार झा को सर्वसम्मति से कोर कमेटी का संयोजक चुना गया।
एक महीने में सदस्यता अभियान और चुनाव की तैयारी
कोर कमेटी को एक महीने के भीतर सदस्यता अभियान पूरा कराने, आमसभा बुलाने और नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य क्लब को नए सिरे से संगठित करना और जिले के पत्रकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बैठक के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने क्लब के पुनर्गठन में मिलकर सहयोग करने और पत्रकारों के हितों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में विजय कुमार झा, आशीष सिन्हा, धनंजय प्रताप, अक्षय कुमार, सुनील तिवारी, राजेश सिंह देव, अशोक विश्वकर्मा, राहुल शर्मा, विनय कुमार तिवारी, रजत नाथ, जय सिन्हा, पूर्णेंदु पुष्पेश, अखिलेश कुमार सिंह, धर्मेंद्र पांडेय, पीयूष कुमार राय, राणा रणजीत, हिमांशु कुमार, शशिकांत शर्मा, रोहित शर्मा , रामप्रवेश और राजेश राज सहित कई अन्य वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे। उपस्थित पत्रकारों ने बैठक में लिए गए फैसलों का समर्थन किया।

