Bokaro: हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्राचीन और आध्यात्मिक ध्रुपद (Dhrupad) परंपरा के अनन्य साधक पंडित कृष्ण मोहन पाठक को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (Sangeet Natak Akademi Award) से सम्मानित किया गया। गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य और गरिमामयी समारोह के दौरान, देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया।
हिन्दुस्तानी संगीत के ध्रुपद क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक और अमूल्य योगदान तथा अनथक संगीत साधना को राष्ट्रीय फलक पर मिली इस स्वीकृति से संपूर्ण कला और संगीत जगत में अपार हर्ष एवं गौरव का माहौल है। विदित हो कि गया घराना के वरिष्ठ ध्रुपद गायक पंडित कृष्ण मोहन पाठक बोकारो के वरिष्ठ तबला वादक पंडित बच्चन जी महाराज के बड़े भाई हैं। उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित होने पर बोकारो के संगीतज्ञों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
वरिष्ठ संगीतज्ञ पं राणा झा, डॉ राकेश रंजन, पं शिव पूजन मिश्र, पंडित बच्चन महाराज, श्याम गोस्वामी, अरुण पाठक, चंद्र कांत शर्मा, विक्की आनंद पाठक, प्रसेनजीत शर्मा, विभु शंकर मिश्र, रुपक कुमार झा, लिपि बोस, नरेश कुमार सिन्हा, अमरजी सिन्हा, अंकिता चक्रवर्ती, हरेक नाथ गोस्वामी, उमेश कुमार झा, विश्वनाथ गोस्वामी, रंजू सिंह आदि ने गौरवपूर्ण सम्मान हेतु उन्हें बधाई दी है।

